Chhattisgarh

कबड्डी मैच के दौरान दर्दनाक हादसा : करंट की चपेट में आकर 3 खिलाड़ियों की मौत…3 घायल…देखें क्या है पूरा मामला

कोंडागांव : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में कबड्डी मैच के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बड़ेराजपुर ब्लॉक के ग्राम रावसवाही में खेल के बीच अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज आंधी-तूफान के कारण मैदान में लगाया गया टेंट उखड़कर 11 केवी बिजली की तार से जा टकराया। इससे करंट फैल गया और मौके पर तीन खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग बेहोश हो गए।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत विश्रामपुरी अस्पताल ले जाया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारती ने बताया कि अस्पताल में कुल छह लोग लाए गए थे, जिनमें से तीन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। तीन घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से दो को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मृतकों में एक कबड्डी टीम लीडर भी शामिल है। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला भाजपा अध्यक्ष सेवक राम नेताम और अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। वहीं, जिला पंचायत सदस्य रामचरण शोरी ने सरकार से मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवजा देने की मांग की है।

फिलहाल, पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। खेल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और टेंट लगाने में बरती गई लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button