ChhattisgarhRaipur

आबकारी घोटाला: ईडी की गिरफ्त में चैतन्य बघेल पर अब ईओडब्लू की नजर

रायपुर। आबकारी घोटाला चैतन्य बघेल मामले में ईडी के बाद अब आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) भी सक्रिय हो गया है। रायपुर सेंट्रल जेल में बंद चैतन्य बघेल के खिलाफ ईओडब्लू ने मंगलवार देर शाम ACB/EOW स्पेशल कोर्ट में प्रोडक्शन वारंट के लिए आवेदन पेश किया। कोर्ट ने आवेदन स्वीकार कर लिया है।

प्रोडक्शन वारंट मंजूर होने के बाद बुधवार, 24 सितंबर को भोजनावकाश के बाद चैतन्य बघेल को सेंट्रल जेल से एसीबी स्पेशल कोर्ट लाया जाएगा। कोर्ट में पेश होते ही ईओडब्लू उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार करेगी और रिमांड के लिए आवेदन लगा सकती है। कितने दिन का पुलिस रिमांड दिया जाएगा, यह दोनों पक्षों की बहस के बाद तय होगा।

इस बीच, चैतन्य बघेल ने 23 सितंबर को हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। हालांकि, याचिका पर सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी उन्होंने ईओडब्लू के खिलाफ हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। तब कोर्ट ने यह कहते हुए याचिका खारिज कर दी थी कि इसे निचली अदालत में प्रस्तुत किया जाए। साथ ही यह निर्देश दिया गया था कि निचली अदालत इस आवेदन को प्राथमिकता से सुनेगी और आदेश पारित करेगी।

उस समय हाईकोर्ट की ओर से दी गई लिबर्टी के कारण ईओडब्लू चैतन्य को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी, भले ही प्रोडक्शन वारंट पर उन्हें जेल से कोर्ट लाया जा चुका था। मगर इस बार परिस्थिति बदल गई है और ईओडब्लू चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी व रिमांड की तैयारी में है।

Related Articles

Back to top button