Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ की सियासत में बड़ा फेरबदल: डिप्टी सीएम अरुण साव समेत तीन मंत्रियों ने बदले अपने ओएसडी और स्टाफ, जानिए कौन बने नए ओएसडी?

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्रियों ने अपने निजी कार्यालयों में बड़ा बदलाव किया है। डिप्टी सीएम अरुण साव, उच्च शिक्षा एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अपने ओएसडी (Officer on Special Duty) और लिपिकीय स्टाफ में फेरबदल किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने आदेश जारी किए हैं।

जीएडी से जारी आदेश के अनुसार, हाईस्कूल भरारी (बिल्हा) में पदस्थ ग्रेड-2 लिपिक डिगेश्वर राव शिंदे की सेवाएं स्कूल शिक्षा विभाग से लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव के कार्यालय में पदस्थ की गई हैं। वहीं, उच्च शिक्षा और राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने अपने ओएसडी डिप्टी कलेक्टर गौतम सिंह की सेवाएं मूल विभाग को लौटाई हैं। उनकी जगह बिलासपुर पीजी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. संजय तिवारी को नया ओएसडी नियुक्त किया गया है।

इसके साथ ही कृषि मंत्री रामविचार नेताम के निजी स्टाफ में भी बदलाव हुआ है। उनके प्रधान पाठक मुन्ना लाल ध्रुवे की सेवाएं स्कूल शिक्षा विभाग को वापस कर दी गई हैं। उनकी जगह मेडिकल कॉलेज रायपुर के स्टेनो ग्रेड-3 संतोष राम को ग्रेड-2 पद के विरुद्ध नियुक्त किया गया है। हालांकि, उन्हें वेतन ग्रेड-3 का ही मिलेगा। इसके लिए जीएडी ने पात्रता नियमों में शिथिलता दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और कौशल विकास मंत्री खुशवंत गुरु ने भी अपने स्टाफ में फेरबदल किया था। माना जा रहा है कि मंत्री अपने कार्यशैली के अनुरूप नई टीम तैयार कर रहे हैं, ताकि प्रशासनिक कामकाज में तेजी और पारदर्शिता लाई जा सके।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!