Chhattisgarh

क्रिकेट लीग में बड़ा घोटाला, आयोजक फरार, गेल और शाकिब अल हसन जैसे दिग्गज खिलाड़ी होटल में फंसे, जानिए पूरा मामला

Cricket League Scam: कश्मीर में आयोजित इंडियन हेवन प्रीमियर लीग (IHPL) में एक बड़ा क्रिकेट लीग घोटाला सामने आया है। इस लीग के आयोजक खिलाड़ियों, अंपायरों और होटल के बिलों का भुगतान किए बिना फरार हो गए हैं। नतीजतन, वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल और बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन सहित कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रीनगर के एक होटल में फंस गए हैं।

जानकारी के अनुसार, इस लीग का आयोजन मोहाली की एक यूथ सोसाइटी ने किया था। पूरे आयोजन का प्रचार-प्रसार बड़े स्तर पर किया गया था, जिसमें क्रिस गेल, शाकिब अल हसन, जेसी राइडर, मार्टिन गुप्टिल और तिसारा परेरा जैसे नामी खिलाड़ियों के पोस्टर पूरे शहर में लगाए गए थे। यह टूर्नामेंट 8 नवंबर को खत्म होना था, लेकिन खिलाड़ियों को पेमेंट न मिलने के कारण शनिवार को अचानक रोक दिया गया।

खिलाड़ियों के विरोध के बाद आयोजक रातों-रात गायब हो गए। पेमेंट रुक जाने के बाद होटल प्रबंधन ने बकाया रकम की वजह से खिलाड़ियों को बाहर जाने से रोक दिया। इस कारण कई खिलाड़ी होटल में फंसे रहे और स्थिति बिगड़ने लगी।

घोटाले का खुलासा तब हुआ जब इंग्लैंड की अंपायर मेलिसा जूनिपर ने मीडिया को बताया कि उन्हें और अन्य स्टाफ को कोई भुगतान नहीं किया गया है। मामले की जानकारी मिलते ही श्रीनगर पुलिस ने दखल दिया और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कुछ खिलाड़ियों को पुलिस की मदद से रवाना किया गया है, जबकि आयोजकों की तलाश जारी है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!