Chhattisgarh

डॉक्टर के घर चोरी की कोशिश, चोर खंभे से बांधकर पकड़ा गया

रायपुर में डॉक्टर के घर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र की है, जहां एक युवक चोरी की नीयत से घर में घुस गया। जानकारी के अनुसार, यह घटना सड्डू सेक्टर-04 की है। डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि युवक उनकी कार चोरी करने की कोशिश कर रहा था। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

CCTV फुटेज में स्पष्ट दिखा कि आरोपी घर में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही घरवालों और आसपास के लोगों को इसकी भनक लगी, मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे और चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्से में आकर लोगों ने उसे खंभे से बांध दिया ताकि वह भाग न सके।

सूचना मिलने पर विधानसभा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम रौनक मिश्रा, निवासी बिहार बताया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह अकेले आया था या किसी गिरोह के साथ इस चोरी की योजना बनाई थी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी इस इलाके में घूमता देखा गया था। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी अन्य चोरी की घटना में भी शामिल है या नहीं।

रायपुर में डॉक्टर के घर चोरी की कोशिश के इस मामले ने एक बार फिर सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!