गौरेला पेंड्रा मरवाही में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती, ब्लॉक अध्यक्षों का शपथ ग्रहण व सम्मान समारोह आयोजित..
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले में कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के तीनों ब्लॉक अध्यक्षों के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह के साथ-साथ सेवा दल कांग्रेस, महिला मज़दूर कांग्रेस एवं राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के जिला अध्यक्षों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में दया वाकरे (ब्लॉक अध्यक्ष, मरवाही), श्री प्रशांत श्रीवास (ब्लॉक अध्यक्ष, पेंड्रा) एवं बलबीर सिंह करसायल (ब्लॉक अध्यक्ष, गौरेला) को विधिवत शपथ दिलाई गई। साथ ही राजेंद्र ताम्रकार (सेवा दल जिला अध्यक्ष), रेखा तिवारी (महिला मज़दूर कांग्रेस जिला अध्यक्ष) एवं ऐवनपाल सिंह पेकरा (जिला अध्यक्ष, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन) का सम्मान किया गया।

यह कार्यक्रम मरवाही विधानसभा के पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। डॉ. ध्रुव ने सभी मनोनीत पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए संगठन को मजबूत करने हेतु एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने में संगठन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में प्रदेश संयुक्त महामंत्री मनोज गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष उत्तम वासुदेव, नगरपालिका अध्यक्ष राकेश जालान, जिला पंचायत सदस्य बूंदकुंवर मासको, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष विद्या राठौर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक शर्मा, शंकर पटेल, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमन शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आम जनता की समस्याओं को उठाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।









