Chhattisgarh

सीएम विष्णु देव साय का सरगुजा-सूरजपुर दौरा, बड़े आयोजनों का शुभारंभ

रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सरगुजा और सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे। इस दौरे का मुख्य आकर्षण सरगुजा ओलंपिक 2026 है, जो बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 11:50 बजे अंबिकापुर पहुंचेंगे। यहां वे दोपहर 12 बजे पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित सरगुजा ओलंपिक 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन 21 से 23 मार्च तक चलेगा, जिसमें 12 खेल विधाओं में सरगुजा संभाग के सभी जिलों के 2000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य की खेल प्रशिक्षण अकादमियों में सीधे प्रवेश मिलेगा और उन्हें यूथ आइकॉन के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

सरगुजा ओलंपिक 2026 में कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, दौड़, बैडमिंटन और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे अंबिकापुर स्थित राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय में राज्य स्तरीय तिलहन-किसान मेला 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह मेला कृषि विभाग और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।

दोपहर 2:40 बजे मुख्यमंत्री अंबिकापुर से रवाना होकर सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ पहुंचेंगे, जहां वे कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे 185 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत के 76 विकास कार्यों की सौगात देंगे, जिसमें 52 कार्यों का लोकार्पण और 24 का भूमिपूजन शामिल है।

दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:35 बजे रायपुर लौटेंगे। कुल मिलाकर, सरगुजा ओलंपिक 2026 और अन्य आयोजनों के जरिए क्षेत्र में खेल, कृषि और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!