सूरजपुर: लकड़बग्घे की मौत से वन विभाग की लापरवाही उजागर

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से वन विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गुरु घासीदास नेशनल पार्क में इलाज न मिलने के कारण एक लकड़बग्घा दम तोड़ गया। यह घटना जिले के बिहारपुर क्षेत्र के मकराद्वारी की है, जहां घायल और बीमार हालत में लकड़बग्घा जंगल में भटकता मिला।
जानकारी के मुताबिक, जंगल में लगी आग के कारण यह जानवर अपने प्राकृतिक आवास से बाहर आया था। बीमारी और घायल अवस्था के चलते उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। बावजूद इसके स्थानीय वन अमला स्थिति की गंभीरता को नजरअंदाज करता रहा। पार्क में वन्यजीव चिकित्सक छुट्टी पर थे, लेकिन प्रबंधन ने कोई वैकल्पिक डॉक्टर या इलाज की व्यवस्था नहीं की। समय पर उपचार न मिलने के कारण लकड़बग्घा तड़प-तड़प कर मौत के मुंह में चला गया।
यह घटना पहली बार नहीं हुई है। एक महीने पहले इसी नेशनल पार्क में एक तेंदुआ कुएं में गिर गया था, जिसे समय पर रेस्क्यू और इलाज न मिलने के कारण खो दिया गया। लगातार ऐसी घटनाएं पार्क प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं।
स्थानीय लोग और पर्यावरण प्रेमी अब आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि अगर समय पर उचित बचाव और इलाज किया गया होता, तो इन बेजुबान जानवरों की जान बचाई जा सकती थी। मामले के उजागर होने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।









