शराब ना पिलाने पर दूल्हा-दुल्हन और मेहमानों को पीटा, पड़ोसियों ने घरेलू सामान और नकदी लूटी

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. ग्वालियर में शादी समारोह में पड़ोसियों को शराब ना पिलाना परिवार को महंगा पड़ गया. पड़ोसियों ने शराब ना पिलाने पर दूल्हा-दुल्हन समेत मेहमानों की बुरी तरह पिटाई कर दी. वहीं मारपीट के दौरान दुल्हन बेहोश हो गई. इतना ही नहीं आरोपियों ने घरेलू सामान और नकदी भी लूट ली.
दुल्हन को लेकर गांव लौटा था दूल्हा
पूरा मामला आरोन थाना क्षेत्र के पटाई गांव में 30 मार्च का है. यहां महेश नाम का युवक शादी के बाद दुल्हन को लेकर वापस गांव लौटा था. जिसके बाद में खाना और पार्टी चल रही थी. लेकिन पड़ोसी शराब ना पिलाने की वजह से विवाद करने लगे. पड़ोसी गाली-गलौज पर उतर आए. जब परिवार ने विरोध किया तो आरोपी मारपीट पर उतर आए. इसके बाद पड़ोसियों ने घर में घुसकर परिवार और मेहमानों से जमकर मारपीट की. इस दौरान दूल्हा-दुल्हन और उसकी मां को भी नहीं बख्शा. बीच बचाव करने आई मां को भी आरोपियों ने पीटा. वहीं मारपीट के बाद आरोपी घर के सामान और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए.
शराब के पैसे ना देने पर की मारपीट
महेश जावट के परिजनों ने बताया कि शादी की पार्टी के दिन पड़ोस में रहने वाले मनोज जाटव, हरनाम, भीम और नवल किशोर जाटव घर पहुंचे थे. सभी आरोपी शादी की खुशी में शराब के पैसे मांगने लगे. जब महेश के परिवार ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे. वहीं विरोध करने पर मारपीट करने लगे.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
वहीं घटना के बाद पीड़ित परिवार ने एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की है. जिसके बाद पुलिस ने परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है. हालांकि पुलिस दूसरे पक्ष की तरफ से भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.









