बेटे ने ही रची पिता की लूट की साजिश, 24 घंटे में खुला 10 लाख का राज

नई दिल्ली। राजधानी के लक्ष्मी नगर इलाके में हुई 10 लाख रुपये की लूट का मामला चौंकाने वाला मोड़ ले चुका है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि इस पूरी साजिश के पीछे कोई बाहरी गैंग नहीं, बल्कि खुद शिकायतकर्ता का बेटा ही मास्टरमाइंड था।
दोस्तों के साथ मिलकर बनाया लूट का प्लान
पुलिस के मुताबिक आरोपी बेटे ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। तीनों ने मिलकर अपने ही पिता को निशाना बनाया और 10 लाख रुपये के साथ स्कूटी भी लूट ली। इस घटना ने रिश्तों में भरोसे पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
फिल्मी अंदाज में वारदात को दिया अंजाम
31 मार्च को पुलिस को PCR कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया कि दो नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग करते हुए 10 लाख रुपये लूट लिए। सूचना मिलते ही लक्ष्मी नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती तौर पर यह मामला किसी संगठित गिरोह का लग रहा था।
CCTV और तकनीक से खुली साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी निगरानी का सहारा लिया। इसी कड़ी में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस वारदात का मुख्य आरोपी कोई और नहीं, बल्कि पीड़ित का बेटा तवलीन उर्फ रेहत है। पुलिस ने उसे मुखर्जी नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया, जब वह फरार होने की कोशिश कर रहा था।
फरार साथियों को लखनऊ टोल प्लाजा से दबोचा
मुख्य आरोपी से पूछताछ में पता चला कि उसके दोनों साथी मोहित कुमार तिवारी और पंकज बस के जरिए बिहार भाग रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस का पीछा किया और लखनऊ टोल प्लाजा के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
ऐशो-आराम के लिए रची गई साजिश
पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी जल्दी पैसा कमाने और मौज-मस्ती के लिए इस अपराध में शामिल हुए। आसान पैसे के लालच में उन्होंने रिश्तों की मर्यादा तक तोड़ दी।
रकम और स्कूटी बरामद, जांच जारी
पुलिस ने लूटी गई पूरी रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है







