Chhattisgarh

बिलासपुर में एसी ब्लास्ट से हड़कंप, दुकान में धमाका, दो भाई गंभीर रूप से झुलसे

छत्तीसगढ़ : के बिलासपुर में गर्मी की शुरुआत के साथ ही एक खतरनाक हादसा सामने आया, जहां एसी मरम्मत के दौरान हुए जोरदार विस्फोट ने इलाके में अफरा तफरी मचा दी। सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक एसी दुकान में हुए इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

परफेक्ट सॉल्यूशन दुकान में हुआ हादसा
यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तैयबा चौक से कुम्हारपारा मार्ग पर स्थित ‘परफेक्ट सॉल्यूशन’ नामक एसी दुकान की है। रविवार शाम करीब 6:40 बजे दुकान के भीतर अचानक विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

घायल दोनों सगे भाई, हालत नाजुक
इस हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान आरिफ मिर्जा और शब्बीर मिर्जा उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। दोनों भाई रतनपुर के निवासी हैं और बिलासपुर में किराए की दुकान लेकर एसी मरम्मत का काम करते हैं। विस्फोट के बाद दोनों बुरी तरह झुलस गए।

मरम्मत के दौरान फटा कंप्रेसर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार को दुकान में एसी कंप्रेसर की मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बर्न अस्पताल रेफर किया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।

जांच में जुटी पुलिस, कारण स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विस्फोट के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि मरम्मत के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के चलते यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!