BalodChhattisgarh

CG : 17 छात्र हुए इंफेक्शन का शिकार…संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में फैला आई फ्लू

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले और डौंडी ब्लॉक में आई फ्लू बड़ी तेजी से फैल रही है। बड़े से लेकर बच्चे तक सभी इसकी चपेट में आ रहे है।

आदिवासी विकासखंड डौंडी अंतर्गत संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में आई फ्लू यानी कंजंक्टिवाइटिस संक्रमण फैल गया है। इसके चलते करीब 17 बच्चे कंजंक्टिवाइटिस इंफेक्शन यानी आंख के इंफेक्शन का शिकार हो गए हैं। सभी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडी में उपचार करवाकर कैंपस के अंदर अलग कैंप में रखा गया है।

मिली जानकारी अनुसार, रविवार को स्कूल के 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के 17 छात्रों ने बालक आवासीय परिसर के वार्डन दशरथ लाल साहू को बताया शनिवार की रात से हम सभी बच्चों की आंखों में खुजली और दर्द हो रहा है। इसके बाद तत्काल वार्डन यादव ने संक्रमण से प्रभावित बच्चों को काला चश्मा लगाकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए भेजा।

डॉक्टर हिमांशु बंजारी ने सभी संक्रमित बच्चों का प्राथमिक उपचार कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, आंखों को नहीं रगड़ने, समय पर आंखों में दवाई डालने के दिशा निर्देश देकर स्वास्थ्य केंद्र की एंबुलेंस के माध्यम से वापस एकलव्य आवासीय परिसर भेज दिया गया।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से विद्यालय परिसर में शिविर लगाकर दूसरे बच्चों का चेकअप किया गया। बच्चों की आंखों में इंफेक्शन की समस्या शनिवार रात से पाई गई है, जिसके चलते आंखों में जलन-खुजली और लगातार आंख से आंसू बह रहे हैं। इस पूरे मामले में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि बच्चों की आंखों मे इंफेक्शन हुआ है। एकलव्य परिसर में स्वास्थ्य कैंप लगाकर बच्चों का इलाज किया जा रहा है। बच्चों की पूरी तरह से देखरेख की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि, वर्तमान समय में ये आई फ्लू की यह बीमारी पूरे छत्तीसगढ़ राज्य सहित बालोद जिले और डौंडी ब्लॉक में बड़ी तेजी से फैल रही है। हालांकि इस बीमारी से मरीजों पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ता है, लेकिन इसके फैलने की तेज रफ्तार से भय का माहौल है।

इस संक्रमण से आंखों में खुजली, जलन और आंखों से पानी आता रहता और आंखे सूज जाती है। डॉक्टरों के अनुसार, मौसम के बदलने और हवा में नमी के कारण ये रोग पनपता है, और सामान्यत सात से पंद्रह दिन के भीतर संक्रमित व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वस्थ हो जाता है। इस रोग से घबराने की आवश्यकता नहीं है। सिर्फ सावधानी और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर इस संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सकता है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!