ChhattisgarhRaipur

लगातार बारिश से राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ हुआ तरबतर, मौसम विभाग ने आज के लिए भी जारी किया अलर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में शुक्रवार को सुबह से लेकर रात तक जोरदार बारिश हुई। लगातार बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों के दौरान भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, तटीय पश्चिम बंगाल और उससे लगे बांग्लादेश के तटवर्ती क्षेत्रों में बने अवदाब के चलते छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। यह सिस्टम अब गंगीय पश्चिम बंगाल ,उत्तर उड़ीसा और झारखंड की ओर बढ़ रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ पर इसका असर पड़ रहा है।

आज इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट?
मौसम विभाग (IMD) ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिले, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर।

यहां तेज़ हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा), आकाशीय बिजली और भारी बारिश हो सकती है। यलो अलर्ट वाले जिले: सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव आदि। यहां मध्यम बारिश की संभावना है।

बीते 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान दुर्ग का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे। तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। लोगों को सलाह दी गई है कि बिना ज़रूरत घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Related Articles

Back to top button