गौरेला पेंड्रा मरवाही में 25 मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति, पेंड्रा मंडल से सादिक खान बने अध्यक्ष..
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए प्रदेश के सभी जिलों में पहली बार मंडल कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट की सहमति के बाद जिलेवार मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की।

इसी क्रम में गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले में कुल 25 मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इन नियुक्तियों को संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने वाला कदम माना जा रहा है। जारी सूची के अनुसार पेंड्रा मंडल से कांग्रेस पार्टी ने वरिष्ठ नेता सादिक खान को मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। सादिक खान लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र में उनकी सक्रियता व संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह दायित्व दिया गया है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने सादिक खान को बधाई देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से पेंड्रा मंडल में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सादिक खान अपने अनुभव और कार्यकुशलता से पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष सादिक खान ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा मंडल स्तर पर कांग्रेस को और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।









