ChhattisgarhRaipur

दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं हमारी प्राथमिकता: CM विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य और जिले के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसका उद्देश्य किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को वित्तीय सेवाएं उनके ही गाँव में उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि बैंकिंग सेवाएं न केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देती हैं, बल्कि सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भी आधार हैं।

मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के बगिया ग्राम स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से तीन नई शाखाओं का शुभारंभ किया। ये शाखाएं जशपुर विकासखंड के ग्राम आरा, पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम कुडे़केला (घरजियाबथान) और बगीचा विकासखंड के ग्राम छिछली में खोली गई हैं। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के 12वें वार्षिक प्रतिवेदन का भी विमोचन किया।

CM साय ने कहा कि इन शाखाओं के खुलने से 23 ग्राम पंचायतों और 48 आश्रित गांवों के लगभग 44 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अब ग्रामीणों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

उन्होंने बताया कि जशपुर की 268 पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र शुरू किए गए हैं, जिनके माध्यम से अब तक लगभग 15 करोड़ रुपये का लेन-देन हो चुका है। पंचायत दिवस तक सभी पंचायतों में ये केंद्र खोलने की योजना है, जो बैंकिंग, बीमा और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराएंगे।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!