Chhattisgarh

बस्तर में NIA की बड़ी कार्रवाई, नक्सली हमले के 12 ठिकानों पर छापेमारी

NIA Raid Bastar: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यह छापेमारी साल 2023 के एक पुराने नक्सली हमले से जुड़ी है। जानकारी के अनुसार, NIA की टीमों ने दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में एक साथ 12 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। यह कार्रवाई उस IED ब्लास्ट केस से संबंधित है, जिसमें नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाया था।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी के मुताबिक, यह हमला 26 अप्रैल 2023 को दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के पेदका गांव के पास हुआ था। नक्सलियों ने उस वक्त सुरक्षाबलों की गाड़ियों को IED से उड़ाने की कोशिश की थी, जिसमें कई जवान घायल हुए थे। इस हमले की जिम्मेदारी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) की दर्भा डिविजन कमेटी ने ली थी।

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को हुई NIA की कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और नक्सली गतिविधियों से जुड़े कुछ अहम सबूत जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी अब इस मामले में स्थानीय नेटवर्क और माओवादी सपोर्ट सिस्टम की भूमिका खंगाल रही है।

बताया जा रहा है कि जिन इलाकों में छापेमारी हुई है, वहां कई पूर्व नक्सली सहयोगी और संदिग्ध माओवादी समर्थक सक्रिय हैं। NIA की टीमों के साथ स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद थे।

इस छापेमारी को नक्सल नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे बस्तर क्षेत्र में माओवादियों के संगठनात्मक ढांचे पर असर पड़ सकता है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!