रायपुर: नगर निगम स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को बड़ी राहत, वित्त विभाग ने जारी किए 8.80 करोड़ रुपये

रायपुर : में नगर निगमों द्वारा संचालित शालाओं में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य के वित्त विभाग ने इन कर्मियों के वेतन और भत्तों के भुगतान के लिए कुल 8 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है।
इस निर्णय के बाद लंबे समय से लंबित वित्तीय व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट स्वीकृति जारी
लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से अंबिकापुर, रायगढ़, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, धमतरी, जगदलपुर, बलौदाबाजार, मुंगेली और सारंगढ़ बिलाईगढ़ के जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में पत्र जारी किया गया है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगम स्कूलों में कार्यरत ई संवर्ग के कर्मचारियों के वेतन और भत्तों हेतु बजट आबंटन को वित्त विभाग की स्वीकृति मिल चुकी है।
कुल 8.80 करोड़ रुपये का हुआ आवंटन
जारी आदेश के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 के बजट प्रावधान के अंतर्गत नगर निगम शालाओं में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए कुल 8 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
यह राशि निर्धारित बजट शीर्ष के अंतर्गत उपयोग में लाई जाएगी।
किस मद से किया जाएगा भुगतान
वित्त विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह राशि शिक्षा विभाग के निर्धारित बजट शीर्ष के तहत खर्च की जाएगी, जिसमें शामिल है:
- माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था
- शिक्षक एवं अन्य सेवाएं
- शिक्षकों का वेतन
- सहायक अनुदान और स्थापना व्यय
इस व्यवस्था के तहत संबंधित कर्मचारियों के वेतन और भत्तों के भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
डीपीआई का निर्देश, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर
लोक शिक्षण संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्वीकृत राशि का नियमानुसार आहरण किया जाए और नगर निगम स्कूलों में कार्यरत कर्मचारियों को समय पर वेतन और भत्तों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।








