BilaspurChhattisgarh

बिलासपुर पुलिस का बड़ा अभियान : असामाजिक तत्वों पर शिकंजा, अवैध हथियार और जुआ अड्डे का भंडाफोड़

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात विशेष अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों पर बड़ी कार्रवाई की। लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों और स्थानीय शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने मिनीबस्ती, तालापारा और उसलापुर क्षेत्रों में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों, जुआ खेलने वालों और शांति भंग करने वाले कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अवैध हथियारों के साथ तीन युवक गिरफ्तार

मिनीबस्ती इलाके से पुलिस ने तीन युवकों – सेवन कुमार पात्रे, राम जोशी और विशाल डहरिया को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी इलाके में असामाजिक गतिविधियों में शामिल थे और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना रहे थे।

तालापारा में जुआ अड्डे पर छापा

तालापारा क्षेत्र में पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारते हुए सलमान, अतीक, सागर हुमने, सूरज नवरगं, संजय बघेल और त्रिलोक डहरिया को गिरफ्तार किया। मौके से ताश की गड्डियां और नकदी जब्त की गई। सभी आरोपियों पर जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि तालापारा लंबे समय से जुए का केंद्र बना हुआ था, जिससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा था।

19 लोग शांति भंग करने पर गिरफ्तार

अभियान के दौरान मिनीबस्ती, तालापारा और उसलापुर से 19 लोगों को शांति भंग करने के आरोप में पकड़ा गया। ये सभी सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और झगड़े की स्थिति पैदा कर रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 151, 107 और 116 के तहत कार्रवाई की।

अभियान से मचा हड़कंप

यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई, जिसमें कई पुलिस जवान शामिल थे। पुलिस ने सघन गश्त और लगातार दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस विशेष ऑपरेशन से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ कहा –
“लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!