Chhattisgarh

CG News: रायपुर के व्यस्त इलाकों में शाम 5 से रात 9 बजे तक इन वाहनों को नहीं मिलेगी एंट्री, जानें क्या है वजह

CG News: राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है. शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल तेलघानीनाका, स्टेशन रोड, अग्रसेन चौक और आसपास के क्षेत्रों में अब शाम के पीक आवर्स में हल्के मालवाहक वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है. यातायात, कमिश्नरेट रायपुर के अनुसार, शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक यानी कुल 4 घंटे के लिए पिकअप, टाटा एस, ऑटो ट्रेलर समेत सभी छोटे मालवाहक वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित किया गया है. दरअसल, शहर में लगातार बढ़ रही आबादी और वाहनों की संख्या के चलते सड़कों पर दबाव काफी बढ़ गया है. खासकर केलकरपारा, तेलघानीनाका चौक, गंज मंडी, भैंसथान, नहरपारा, अग्रसेन चौक, स्टेशन रोड और नर्मदापारा जैसे इलाकों में स्थिति सबसे ज्यादा खराब रहती है.

Related Articles

इन क्षेत्रों में हो रहा 300 गोदामों का संचालन

इन क्षेत्रों में करीब 300 से ज्यादा गोदाम संचालित हो रहे हैं, जहां दिनभर और खासकर शाम के समय बड़ी संख्या में हल्के मालवाहक वाहन पहुंचते हैं. सड़क किनारे ही लोडिंग-अनलोडिंग होने से जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम लोगों और खासकर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है. स्टेशन गेट नंबर-1 और 2, तेलघानीनाका और अग्रसेन चौक जैसे पॉइंट्स पर रोजाना लंबा जाम लगना आम बात हो गई थी. इसी समस्या को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत यह आदेश जारी किया है.

नए आदेश के तहत अग्रसेन चौक से भैंसथान-तेलघानीनाका, राठौर चौक से तेलघानीनाका, फाफाडीह से स्टेशन चौक, चूना भट्टी से गुढ़ियारी अंडरब्रिज होते हुए स्टेशन निकास, कर्मा चौक रामनगर से तेलघानीनाका और नहरपारा से स्टेशन गुरुद्वारा तक कुल 6 प्रमुख मार्गों पर यह प्रतिबंध लागू रहेगा.

पुलिस का क्या कहना है?

पुलिस ने साफ कहा है कि यह फैसला आम जनता की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए लिया गया है. साथ ही व्यापारियों और गोदाम संचालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय के दौरान इन रूट्स पर मालवाहक वाहनों का संचालन न करें और प्रशासन का सहयोग करें. अब देखना होगा कि इस फैसले के बाद राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था कितनी सुधरती है, लेकिन फिलहाल स्टेशन जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जरूर है.

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!