Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ से राजस्थान को कोयला आपूर्ति, बिजली संकट से मिलेगी राहत

राजस्थान सरकार प्रदेशवासियों को सतत और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में राजस्थान को अब छत्तीसगढ़ से कोयला आपूर्ति मिलने जा रही है। इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार प्रकट किया है।

राजस्थान को छत्तीसगढ़ से कोयला परसा ईस्ट और कांता बासन (PEKB) कोल ब्लॉक से आपूर्ति किया जाएगा, जो हसदेव अरण्य कोलफील्ड क्षेत्र में स्थित है। इस कोयला खनन के लिए 91.21 हेक्टेयर वन भूमि उपयोग की स्वीकृति दी गई है, जिससे बिजली उत्पादन की प्रक्रिया को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, “इस निर्णय से राजस्थान में बिजली उत्पादन को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बिजली संकट से राहत मिलेगी। मैं समस्त राजस्थान परिवार की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी का हृदय से धन्यवाद करता हूँ।”

राज्य में लगातार बढ़ती बिजली मांग और गर्मी के मौसम में लोड बढ़ने के मद्देनज़र यह आपूर्ति राजस्थान के लिए समयानुकूल कदम है। छत्तीसगढ़ से मिलने वाला कोयला प्रदेश के ताप विद्युत संयंत्रों के लिए संजीवनी बन सकता है, जिससे ना सिर्फ उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी निर्बाध बिजली मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button