ChhattisgarhRaipur

CM साय ने कोरबा में NH-130D परियोजना का विकास किया तेज

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कटघोरा पहुंचे और आमसभा को संबोधित करते हुए बस्तर अंचल को महाराष्ट्र से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी (NH-130D) के निर्माण को नई गति देने की जानकारी दी। छत्तीसगढ़ शासन ने कुतुल से नीलांगुर (महाराष्ट्र सीमा) तक 21.5 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।

लोक निर्माण विभाग के मंत्रालय ने प्रमुख अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र रायपुर को न्यूनतम टेंडर देने वाले ठेकेदार से अनुबंध प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कुल तीन खंडों में बनने वाली इस सड़क की लागत लगभग 152 करोड़ रुपए आंकी गई है, जिसे राज्य सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है।

यह सड़क कुतुल (नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र) से शुरू होकर महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित नीलांगुर तक जाएगी। इसे टू-लेन पेव्ड शोल्डर सहित विकसित किया जाएगा। एनएच-130डी राष्ट्रीय राजमार्ग कुल 195 किलोमीटर लंबा है और यह एनएच-30 का शाखा मार्ग (स्पर रूट) है। यह कोण्डागांव से शुरू होकर नारायणपुर और कुतुल होते हुए नीलांगुर (महाराष्ट्र) तक जाता है।

महाराष्ट्र में यह सड़क बिंगुंडा, लहरे, धोदराज, भमरगढ़, हेमा और लकासा होते हुए आलापल्ली तक पहुँचती है, जहाँ यह NH-353D से जुड़ती है। इस परियोजना के पूरा होने से बस्तर क्षेत्र सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ेगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और सुरक्षा में मजबूती आएगी।

NH-130D सड़क निर्माण से बस्तर के विकास और प्रदेश के रणनीतिक कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!