ChhattisgarhRaipur

कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी और दो छात्र नेता गिरफ्तार,राजधानी के निजी स्कूल की शिकायत पर हुई कार्रवाई

रायपुर। केपीएस स्कूल प्रकरण में कांग्रेस प्रवक्ता और दो अन्य छात्र नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। केपीएस स्कूल में प्रदर्शन करने को लेकर प्रबंधन द्वारा कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी सहित NSUI के प्रदेश प्रभारी हेमंत पाल और महासचिव कुणाल दुबे पर FIR दर्ज किया गया था। मामला दर्ज करने के बाद अब तीनों की गिरफ्तारी हुई है, जिसके बाद सभी को रायपुर ज़िला सत्र न्यायालय में पेश किया गया।

राजेंद्र नगर स्थित कृष्णा किड्स स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि इन्होंने स्कूल के अंदर जबरदस्ती घुसकर शिक्षा विभाग और संस्था के खिलाफ नारेबाजी कर स्टाफ को गाली दी। कृष्णा किड्स एकेडमी के एडमिनिस्ट्रेटर संजय त्रिपाठी ने शिकायत में बताया है कि, 6 जून की दोपहर NSUI कार्यकर्ता स्कूल परिसर में जबरदस्ती घुस आए। उस दौरान स्कूल में हेड मास्टर समेत स्टाफ मौजूद थे। विकास तिवारी और उनके साथ पहुंचे लोग संस्था के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इन्होने हंगामा करते हुए गाली-गलौज भी की।

उधर विकास तिवारी का आरोप है कि शहर में कृष्णा किड्स एकेडमी की ओर से सुन्दर नगर, राजेन्द्र नगर और शैलेन्द्र नगर में जो प्ले स्कूल चलाई जा रही है, उनकी मान्यता नहीं है। वहीं, स्कूलों में फीस नियामक और RTE अधिकार अधिनियम का भी पालन नहीं हो रहा है। विकास तिवारी ने यह भी बताया कि स्कूल के समक्ष पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन किया गया है, और प्रबंधन ने जो आरोप लगाया है वह पूरी तरह झूठ है।

बहरहाल तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां कल बुधवार को इस मामले में जमानत को लेकर सुनवाई होगी। जिसके बाद तीनों कांग्रेस नेताओं को जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button