Chhattisgarh

BSP में गैस लीक से लगी आग, पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन-2 में अफरा-तफरी

दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन नंबर-2 में शुक्रवार को अचानक गैस लीक की घटना ने हड़कंप मचा दिया। ICL के सामने स्थित PBS-2 की पाइपलाइन में गैस का तेज रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही क्षणों में यह गैस आग की तेज लपटों में बदल गई। घटना के बाद पूरे स्टेशन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दमकल कर्मियों ने संभाला मोर्चा, आग पर काबू पाने की कोशिश जारी

घटना सामने आते ही बीएसपी के दमकलकर्मियों ने तुरंत पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास शुरू कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह ब्लोइंग स्टेशन कोकोवन से जुड़ा हुआ है, जहां से मिलने वाली ब्लोइंग गैस संयंत्र की कई महत्वपूर्ण इकाइयों और मशीनों को चलाने में उपयोग होती है।

अन्य यूनिटों पर असर की आशंका, जांच शुरू

गैस लीकेज के कारण संयंत्र की कई यूनिटों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिशें लगातार जारी हैं। राहत की बात यह है कि हादसे में अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

कारणों की जांच में जुटा प्रबंधन

BSP प्रबंधन ने गैस रिसाव और आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा टीमों को पूरे क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!