ChhattisgarhRaipur

सड़क किनारे मिली पूर्व सरपंच के बेटे की लाश, हत्या की आशंका

जांजगीर। जिले के सिवनी गांव में शुक्रवार की सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां पूर्व सरपंच के बेटे अर्जुन चौहान की लाश सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में मिली। शव की स्थिति और सिर पर गहरे चोट के निशान को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, अर्जुन चौहान गुरुवार को हरेली त्योहार के दिन घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह गांव के लोगों ने सड़क किनारे लाश देखी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही नैला उपथाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया है।

पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो पाएगा कि अर्जुन की मौत दुर्घटनावश हुई है या किसी ने जानबूझकर उसकी हत्या की साजिश रची।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है—मृतक की आखिरी लोकेशन, कॉल डिटेल और आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद ली जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि यह सुनियोजित हत्या है, क्योंकि अर्जुन का किसी से पुराना विवाद नहीं था, और उसकी स्थिति देखने से दुर्घटना की संभावना कम लगती है।

Related Articles

Back to top button