ChhattisgarhRaipur

रायपुर में ग्रीन आर्मी ने किया “पॉलिथिन रूपी रावण दहन”, निकली जनजागरूकता रैली

रायपुर: पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता की दिशा में ग्रीन आर्मी ने लगातार छठे वर्ष “पॉलिथिन रूपी रावण दहन” का आयोजन किया। यह विशेष अभियान आज सुबह 8:30 बजे ब्राह्मण पारा से शुरू हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माँ दुर्गा की आरती और पूजन से हुई, जिसके बाद भव्य जनजागरूकता रैली निकाली गई।

Related Articles

रैली ब्राह्मण पारा चौक से होते हुए सत्ती बाजार, फव्वारा चौक और बजरंग मंदिर से गुजरकर कंकाली माता मंदिर पहुँची। यहाँ दर्शन और शस्त्र पूजन के बाद रैली आज़ाद चौक पहुँची। पूरे मार्ग पर लगे आकर्षक बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स ने लोगों का ध्यान खींचा। इस दौरान “पॉलीथिन जहर है, गौ माता पर कहर है” और “प्रकृति के दुश्मन तीन – पाउच, पन्नी, पॉलीथिन” जैसे नारे गूंजते रहे।

आज़ाद चौक में “पॉलिथिन रूपी रावण दहन” किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बना। इस मौके पर ग्रीन आर्मी के पदाधिकारी, सदस्य, पर्यावरण प्रेमी और दिशा कॉलेज के विद्यार्थी शामिल हुए। लगभग 100 लोगों ने इस जनअभियान में भाग लिया और प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश दिया।

ग्रीन आर्मी के सदस्य वर्षभर वृक्षारोपण, स्वच्छता और जनजागरूकता के लिए सक्रिय रहते हैं। संस्था पिछले आठ वर्षों से समाज में सकारात्मक बदलाव और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रही है।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे ने कहा कि पॉलिथिन हमारे पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। वहीं जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा ने कपड़े और कागज के थैलों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम का समापन दशहरा मिलन और जलपान के साथ हुआ।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!