कोरबा में भीषण सड़क हादसा: डीजल टैंकर और ट्रेलर की टक्कर, तीन घंटे जाम

कोरबा : जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां नेशनल हाईवे पर डीजल टैंकर और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह दुर्घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली स्थित लालघाट के पास हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया।
एनएच 130 पर लंबा जाम, तीन घंटे बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के चलते अंबिकापुर कटघोरा मार्ग पर नेशनल हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि राज्य के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल का काफिला भी इसमें फंस गया।
डीजल भरे टैंकर से बढ़ा खतरा, सुरक्षा के इंतजाम
टैंकर में डीजल भरा होने के कारण आग लगने का खतरा बना हुआ था। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
क्रेन की मदद से हटाए गए वाहन
काफी मशक्कत के बाद बड़ी क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त टैंकर और ट्रेलर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे धीरे सामान्य हो सका।
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है। कटघोरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









