Chhattisgarh

जशपुर को मिली विकास की बड़ी सौगात, 41.81 करोड़ से बनेंगी 12 ग्रामीण सड़कें

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। इसी क्रम में जशपुर जिले को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 41 करोड़ 81 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इस राशि से जिले की 12 प्रमुख ग्रामीण सड़कों का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा, जिससे गांवों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त सड़कों में मसरी घाट से झरन मार्ग के लिए 1.33 करोड़, साहीलता से पुराइनबंध पहुंच मार्ग के लिए 2.89 करोड़, घुमरा से किलकिला मार्ग के लिए 2.01 करोड़ और कुंजारा-बोराटोंगरी से डोंगाअम्बा मार्ग के लिए 2.74 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा, एनएच-43 से बोडाटोंगरी, जामपानी से बरपानी, मकरीबंधा से भलमंडा (झारखंड सीमा) और कड़ेलकछार से जुनाडीह मोहल्ला जैसे मार्गों के लिए भी बड़ी राशि स्वीकृत की गई है।

सबसे बड़ी मंजूरी ठूठीअंबा से कादोपानी (झारखंड सीमा) मार्ग के लिए 5.95 करोड़ की दी गई है। इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुलभ होगा, बल्कि कृषि, शिक्षा और स्थानीय व्यापार को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में जशपुर जिला चहुंमुखी विकास की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने इन सड़कों की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इससे गांवों की तस्वीर बदलेगी और विकास की नई राह खुलेगी।

Related Articles

Back to top button