ChhattisgarhRaipur

देवभोग में विधायक जनक ध्रुव ने एनसीसी कैडेट्स को दिया बड़ा तोहफा, ड्रोन खरीद के लिए 1 लाख की सहायता

गरियाबंद। देवभोग के आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में संचालित देवभोग एनसीसी कैडेट्स के बीच शनिवार को विधायक जनक ध्रुव पहुंचे। उन्होंने करीब दो घंटे कैडेट्स के साथ समय बिताया, ड्रिल देखकर अपने पुराने दिन याद किए और कैडेट्स की समस्याएं सुनीं। उड़ान प्रशिक्षण के लिए उपकरणों की कमी जानने पर विधायक ध्रुव ने ड्रोन खरीद के लिए 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उनकी इस पहल से कैडेट्स उत्साहित नजर आए और उन्होंने जोरदार अभिवादन किया।

सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी के साथ पहुंचे विधायक ध्रुव जब कैडेट्स को ड्रिल करता देखे, तो खुद को रोक नहीं पाए और सीधे उनके बीच पहुंच गए। पूर्व खेल अधिकारी और एनसीसी कैडेट रहे ध्रुव ने छात्रों से परिचय लिया और उनके साथ जमीन पर बैठकर नाश्ता भी किया। स्कूल प्रिंसिपल गिरीश बेहरा भी इस मौके पर मौजूद थे।

विधायक ने कहा कि यह गर्व की बात है कि जिले का इकलौता एयर विंग एनसीसी जूनियर कैडर देवभोग में है। उन्होंने इसे ग्रामीण छात्रों के लिए बड़ी उपलब्धि और एनसीसी को नई दिशा देने वाला मील का पत्थर बताया। साथ ही इस संस्थान की स्थापना कराने वाले शिक्षक गणेश सोनी की सराहना की।

एनसीसी अधिकारी गणेश सोनी ने बताया कि वर्तमान में यहां 40 कैडेट्स (19 गर्ल्स और 21 बॉयज) प्रशिक्षण ले रहे हैं। ड्रोन की उपलब्धता से देवभोग यूनिट प्रदेश का पहला ऐसा जूनियर एयर विंग बन जाएगा, जिसके पास स्वयं का ड्रोन होगा। इससे कैडेट्स को फ्लाइंग, लोकेशन ट्रैकिंग और पायलटिंग की प्रायोगिक जानकारी मिल सकेगी। ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए यह तकनीकी प्रशिक्षण भविष्य की नई राह खोलेगा।

Related Articles

Back to top button