कन्हैयालाल साहू हत्याकांड मामले में NIA ने युवक को लिया हिरासत में

उदयपुर : युवक प्रतापगढ़ के ग्रामीण इलाकों में छोटी दुकानों पर बिस्किट औ कुरकुरे सप्लाई करने का काम करता है। वो पिछले 9 सालों गौस से संपर्क में था।कन्हैयालाल साहू हत्याकांड मामले में NIA की जांच जारी है। इसी कड़ी में मुख्य आरोपी गौस मोहम्मद के संपर्क में रहे एक युवक को NIA ने हिरासत में लिया है।
दरअसल, NIA टीम ने सोमवार को प्रतापगढ़ के पारसोला पहुंचकर मुस्लिम मोहम्मद पिता शेर मोहम्मद को नोटिस दिया। मंगलवार को मुस्लिम मोहम्मद NIA के सामने पेश हुआ। इसके बाद टीम उसे हिरासत में लेकर जयपुर के लिए रवाना हो गई। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों गौस मोहम्मद की कॉल डिटेल्स और बयानों में मुस्लिम मोहम्मद का नाम सामने आया था। गौस की अक्सर मुस्लिम से बातचीत होती थी।
कई संगठनों से मुस्लिम मोहम्मद के कनेक्शन की जांच कर रही टीम
टीम अब पूछताछ कर कई संगठनों से मुस्लिम मोहम्मद के कनेक्शन की जांच कर रही है। कन्हैयालाल हत्याकांड से पहले भी मुस्लिम और गौस पर हुई बातचीत पर भी टीम अब कड़ियां जोड़ रही है। टीम यह पता कर रही है कि क्या गौस द्वारा बनाए इस प्लान की जानकारी मुस्लिम को थी या नहीं।
यह भी सामने आया है कि मुस्लिम मोहम्मद कई कट्टरपंथी संगठनों से जुड़ा हुआ था। वो समुदाय विशेष द्वारा किए जाने वाले धार्मिक विरोध में बढ़-चढ़कर भाग लेता था। मुस्लिम मोहम्मद उदयपुर के PFI, दावत ए इस्लामी समेत कई संगठनों के पदाधिकारियों से संपर्क में था। सोशल मीडिया के जरिए भी वो कई ग्रुप्स में कट्टरपंथी कमेंट किया करता था।
ये है मामला
बता दें कि 28 जून को उदयपुर में मालदास स्ट्रीट में कपड़े सिलने वाले कन्हैयालाल साहू की निर्मम हत्या कर दी गई थी। कन्हैया ने सोशल मीडिया में नूपुर शर्मा के समर्थन में रिपोस्ट किया था। इसी के चलते गौस मोहम्मद और रियाज अत्तारी नाम के दो युवकों ने दुकान में घुसकर कन्हैया के गले पर चाकू से हमला किया। आरोपियों ने हमले का लाइव वीडियो और इसकी जिम्मेदारी लेते हुए वीडियो भी वायरल किए थे। इस हत्याकांड में शामिल रहे मुख्य आरोपी मोहम्मद गौस, रियाज अत्तारी समेत 8 आरोपी गिरफ्तार हुए थे।









