BijapurChhattisgarh

रकम दोगुनी करने के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी, पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पत्नी की तलाश जारी

बिलासपुर। रकम दोगुनी करने के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है. सरकंडा क्षेत्र में रहने वाले पति पत्नी ने पैसा दोगुना करने का झांसा देकर लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाया था. पुलिस ने आरोपी पति मानस रंजन मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है और पत्नी प्रभा मिश्रा की तलाश कर रही है.

बता दें कि मानस रंजन मिश्रा व प्रभा मिश्रा सरकंडा थाना क्षेत्र में पिछले 4-5 वर्षों से त्वरित निदान माइक्रो फाउंडेशन नामक माइक्रो फाइनेंसिंग कंपनी चला रहे थे. इनकी यह कंपनी भारत सरकार के कॉर्पोरेट अफेयर्स मंत्रालय में रजिस्टर्ड थी. इस कंपनी को ऐंजल इन्वेस्टर्स, वेंचर केपिटल व इंस्टिट्यूशनल इन्वेस्टर्स से पैसे प्राप्त करने की पात्रता थी. इन्होंने बीते कुछ वर्षों में सैकड़ों लोगों से नगद, चेक एवं अन्य माध्यमों से कंपनी के अलावा एपी वेंचर्स नामक कंपनी में अलग-अलग प्रकार के प्रलोभन देकर पैसे इन्वेस्ट कराए थे.

इसी कड़ी में प्रार्थी वीरेंद्र मसीह ने 23 लाख 27 हजार रुपए 12 माह बाद दोगुने होकर मिलेंगे, इस झांसे में आकर जमा किए. इसी तरह अन्य लोगों से मिश्रा दंपति ने लगभग 2.5 करोड़ रुपए से अधिक इन्वेस्ट कराए थे और इनके पैसे वापस नहीं किए. पुलिस ने आरोपी मानस रंजन मिश्रा के ऑफिस से फर्जीवाड़े के विभिन्न दस्तावेज एवं कम्प्यूटर सिस्टम जब्त किया है. पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 409 और 120 बी के तहत कार्रवाई कर रही है. बिलासपुर पुलिस ने लोगों से ऐसे ठगी करने वालों के झांसे में न आने की अपील की है.

Related Articles

Back to top button