Chhattisgarh

पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय पशु तस्कर, मध्य प्रदेश से हुई गिरफ्तारी

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ की मरवाही पुलिस ने एक अंतरराज्यीय पशु तस्कर सियाराम साहू को मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी अन्य राज्यों में भी गाय-भैंस की अवैध तस्करी करता था। पहले पुलिस की कार्रवाई के दौरान सियाराम ने मौके से फरार हो गया था। इस गिरफ्तारी से पहले ही चार अन्य आरोपी पकड़े जा चुके हैं।

पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत के निर्देश पर मरवाही एसडीओपी दीपक मिश्रा और थाना प्रभारी सनीप रात्रे ने मध्य प्रदेश के अधिकारियों के साथ बैठक कर सक्रिय पशु तस्करों की जानकारी साझा की थी। इसी समन्वय का नतीजा है कि सियाराम को अब दबोचा गया।

जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई को पेंड्रा क्षेत्र में मवेशियों को बिना दस्तावेज़ ले जाते हुए कुछ आरोपियों को पकड़ा गया था। उस समय सियाराम साहू चकमा देकर भाग गया था। आरोपी लंबे समय से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमा पर अवैध पशु तस्करी में शामिल था।

इस मामले में पुलिस ने सियाराम साहू के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। मरवाही पुलिस ने कहा कि गौवंश तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इस दिशा में कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button