मरवाही में जंगल में चल रहे “काट पत्ती” जुए पर पुलिस की रेड: 13 जुआरी गिरफ्तार, ₹5.18 लाख की जप्ती
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के सख्त निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 13 मार्च 2026 को थाना मरवाही पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरौर और उषाढ के बीच जंगल क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपए-पैसों का दांव लगाकर “काट पत्ती” जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और थाना मरवाही पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ जुआरी जंगल और खाई का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि 13 लोगों को मौके पर जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
नितपाल केवट उर्फ पिंटू (परासी), दिनेश कुमार केवट (रेहुंदा, थाना बिजुरी, जिला अनुपपुर), प्रहलाद प्रधान (चनाडोंगरी),धनुषधारी (बरौर), राजेश गुप्ता (बरौर), मोहम्मद सैफ अली (फिल्टर टोला कोतमा, जिला अनुपपुर), खेमचंद केवट (हरी, थाना रामनगर, जिला अनुपपुर), भुनेश्वर केवट (बरौर),फुलेख राम केवट (हरी, थाना रामनगर, जिला अनुपपुर), मुकेश कुमार केवट (आमाडाड, थाना रामनगर, जिला अनुपपुर), मोती सिंह (कटरा), कृष्णा प्रजापति (कोतमा, जिला अनुपपुर), अंकित तिवारी (बिजुरी, जिला अनुपपुर)।
जप्त सामग्री
पुलिस ने मौके से जुआ फड़ में लगी ₹30,350 नगद राशि,08 मोबाइल फोन (Vivo, Oppo, Poco, Itel, Samsung),12 मोटरसाइकिल (Hero Glamour, Apache, HF Deluxe, Pulsar, Honda Shine, Passion Pro, CD Dawn, Splendor आदि) तथा 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने की दरी/फट्टा जप्त किया। जप्त वाहनों की अनुमानित कीमत ₹4,60,500 तथा मोबाइल फोन की कीमत लगभग ₹27,500 आंकी गई है। इस प्रकार कुल जप्ती ₹5,18,350 की हुई है।
दो आरोपी फरार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नान्हू उर्फ महिपाल सिंह (ग्राम उषाढ) और बाली उर्फ बालमुकुंद गुप्ता (ग्राम बरौर) द्वारा जुआ खेलने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाता था तथा खाने-पीने और पैसों की व्यवस्था भी कराई जाती थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








