Chhattisgarh

छात्रों से रंगाई-पुताई करवाने पर प्राचार्य निलंबित

जांजगीर : जिले में एक स्कूल प्राचार्य पर गंभीर आरोप सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। Janjgir Principal Suspended मामले में महात्मा ज्योतिबा राव फुले उत्कृष्ट विद्यालय, डोंगाकौहरौद के प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने निलंबित कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने छात्रों को प्रैक्टिकल परीक्षा में बोनस अंक देने का लालच देकर विद्यालय में रंगाई-पुताई का काम करवाया।

शिकायत के अनुसार, प्राचार्य कुंज किशोर ने विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं से कहा कि यदि वे स्कूल की रंगाई-पुताई करेंगे तो उन्हें प्रैक्टिकल परीक्षा में अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। इसके अलावा छात्रों से बोर्ड परीक्षा की निर्धारित फीस से अधिक राशि लेने का भी आरोप लगा है। जब कुछ विद्यार्थियों ने रसीद की मांग की, तो उन्हें परीक्षा में देख लेने की धमकी दी गई।

मामला तब और गंभीर हो गया जब छात्रों के सामने हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना से धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात सामने आई। जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राचार्य को पद से अलग कर जांच के आदेश दिए।

जांच में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद कुंज किशोर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। हालांकि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबन का प्रस्ताव डीपीआई को भेजा, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए Janjgir Principal Suspended आदेश जारी किया गया।

निलंबन के बाद उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जांजगीर-चांपा निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि छात्रों के हितों और धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!