ChhattisgarhRaipur

Raipur News: रायपुर एयरपोर्ट पर लावारिस बैग मिलने से मचा हड़कंप, सुरक्षाकर्मी हुए अलर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कल रात 9 बजे टर्मिनल बिल्डिंग के पास एक लावारिस बैग नजर आया। जिसके बाद यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना एयरपोर्ट प्रबंधन और सुरक्षा बलों को दी। देखते ही देखते पूरे परिसर में सुरक्षा अलर्ट घोषित कर दिया गया।

वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे CISF के जवानों ने तत्काल टर्मिनल क्षेत्र को खाली कराया और संदिग्ध बैग के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी। बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा टीम ने कड़ी जांच-पड़ताल के बाद बैग को सुरक्षित रूप से खोला। जांच में यह पाया गया कि, बैग में सिर्फ कपड़े और कुछ व्यक्तिगत सामान रखे हुए थे किसी प्रकार की कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

बता दें कि, इस घटना के चलते करीब आधे घंटे तक एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और यात्रियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा। हालांकि स्थिति सामान्य होने के बाद उड़ानों का संचालन दोबारा सुचारू कर दिया गया। इस दौरान एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि, वे यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी परिस्थिति में उसे लावारिस न छोड़ें। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु की तुरंत सूचना सुरक्षा बलों को दें।

सुरक्षा एजेंसियां अब CCTV फुटेज खंगालकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि, बैग किस यात्री का था और किन परिस्थितियों में वह छूट गया। यह घटना एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत को दर्शाती है।

Related Articles

Back to top button