50 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए रेवेन्यू इंस्पेक्टर संतोष कुमार चन्द्रसेन सस्पेंड,ACB की टीम ने रंगे हाथों किया था गिरफ्तार…

गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले में गौरेला तहसील के सारबहरा में पदस्थ रवेन्यू इंस्पेक्टर संतोष कुमार चन्द्रसेन को रिश्वतखोरी के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने यह फैसला 18 अप्रैल को चन्द्रसेन के खिलाफ एन्टी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई के बाद लिया, जब उन्हें 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। सस्पेंशन के दौरान उनका मुख्यालय भू-अभिलेख शाखा जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही नियत किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि कार्यालय उप पुलिस अधीक्षक, एन्टी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर केम्प गौरेला द्वारा प्राप्त सूचना पत्र के अनुसार श्री संतोष कुमार चन्द्रसेन राजस्व निरीक्षक राजस्व निरीक्षण मंडल सारबहरा, तहसील पेण्ड्रारोड जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही को एन्टी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर द्वारा अपराध क्रमांक 0/2025, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 यथासंशोधित अधिनियम 2018 के तहत् दिनांक 15 अप्रैल 2025 को 50000/- रूपये (पच्चास हजार रूपये) की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जाने के फलस्वरूप गिरफ्तार होने एवं पुलिस अभिरक्षा में 48 घंटे से अधिक निरूद्ध रहने से उन्हें सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-9 दो (ख) में निहित प्रावधान अनुसार दिनांक 15 अप्रैल 2025 से निलंबित किया जाता है।







