Chhattisgarh

होली पर साली ने रंग लगाने से किया इनकार, नाराज जीजा ने घर आकर पत्नी से की मारपीट

बिलासपुर। होली के मौके पर हुए पारिवारिक विवाद ने घरेलू हिंसा का रूप ले लिया। मंगला क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर दी, जिसके बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला मंगला स्थित महर्षि स्कूल के पास की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि उसका पति अक्सर उसे छोड़कर उसकी छोटी बहन (साली) से शादी करने की बात कहता है और इसी बात को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट करता है।

महिला के अनुसार, होली के दिन उसका पति उसलापुर स्थित ससुराल पहुंचा था, जहां वह अपनी साली को रंग लगाने की कोशिश कर रहा था। साली ने इसका विरोध करते हुए रंग लगवाने से मना कर दिया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी युवक को ऐसा करने से रोका।

बताया जा रहा है कि इस बात से नाराज होकर युवक ने ससुराल में ही गुस्से में घर का सामान फेंकना शुरू कर दिया। इसके बाद वह अपने घर लौट आया और ससुराल में उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं होने की बात कहकर अपनी पत्नी से विवाद करने लगा।

आरोप है कि इसी दौरान उसने पत्नी के साथ मारपीट की और उसे घर से निकालने की भी कोशिश की। किसी तरह महिला ने खुद को संभाला और बाद में गुरुवार को सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!