Chhattisgarh

तंत्र-मंत्र के शक में युवक ने फूफू की टांगी से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जामुन जोबला में एक युवक ने तंत्र-मंत्र के शक में अपनी फूफू की टांगी से हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना 21 अक्टूबर 2025 की शाम की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी पंकज पहाड़ी अपनी पत्नी सुखाड़ी पहाड़ी (40 वर्ष) के साथ पड़ोसी के घर हड़िया पीने गए थे। शाम करीब 5:30 बजे जब दोनों घर लौट रहे थे, तो रास्ते में सुखाड़ी रुकीं। तभी उसका रिश्ते का भतीजा मुकेश पहाड़ी (22 वर्ष) हाथ में टांगी लेकर पहुंचा और अचानक फूफू पर गले में वार कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे पंकज पहाड़ी पर भी आरोपी ने हमला कर घायल कर दिया। जब पंकज ने पत्नी के पास जाकर देखा, तो सुखाड़ी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पर बगीचा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मौत का कारण गले पर गहरा वार और अधिक रक्तस्राव बताया गया। पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपी को उसी गांव से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी मुकेश ने बताया कि उसके बच्चों की तबीयत लंबे समय से खराब थी, और उसे शक था कि उसकी फूफू ने तंत्र-मंत्र किया है। इसी शक में उसने हत्या की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और खून से सने कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!