Chhattisgarh

अकलतरा में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, ओवरब्रिज के नीचे मिला शव

अकलतरा : क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब तीन दिन पहले लापता युवक का शव उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान वार्ड क्रमांक 7 निवासी 34 वर्षीय रवि विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आधार कार्ड के आधार पर शव की शिनाख्त की और परिजनों को सूचना दी।

Related Articles

जेल से रिहाई के बाद मानसिक तनाव में था युवक

जानकारी के अनुसार रवि विश्वकर्मा 10 मार्च को जेल से रिहा होकर घर लौटा था। बताया जा रहा है कि पहले शराब के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। रिहाई के बाद से ही वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

परिजनों का कहना है कि जमानत और अन्य कानूनी खर्चों के चलते उस पर आर्थिक दबाव भी बढ़ गया था।

पैसे के जुगाड़ के लिए घर से निकला, फिर नहीं लौटा

परिजनों के अनुसार 5 अप्रैल को रवि यह कहकर घर से निकला था कि वह पैसे का इंतजाम करने जा रहा है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कई दिनों तक तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

ओवरब्रिज के नीचे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

11 अप्रैल की सुबह सिविल लाइन पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि रवि विश्वकर्मा का शव उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे मिला है। शुरुआती जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर सेवन से मौत की आशंका जताई गई है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद 11 अप्रैल की शाम शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसका अंतिम संस्कार रविवार सुबह किया गया।

जांच जारी, कई सवाल अब भी अनसुलझे

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!