ChhattisgarhRaipur

विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का विस्तार 18 अगस्त को, तीन नए चेहरे होंगे शामिल

विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल विस्तार 18 अगस्त को

रायपुर। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख तय हो गई है। 18 अगस्त को नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की और माना जा रहा है कि उन्होंने संभावित मंत्रियों की सूची उन्हें सौंप दी है।

तीन नए चेहरे होंगे शामिल

सूत्रों के अनुसार, सरगुजा से विधायक राजेश अग्रवाल, दुर्ग शहर से विधायक गजेंद्र यादव और आरंग से विधायक गुरु खुशवंत साहेब मंत्री बनाए जाएंगे। खास बात यह है कि तीनों ही पहली बार विधायक बने हैं। राजेश अग्रवाल को बिजनेस कम्युनिटी का प्रतिनिधित्व देने के लिए शामिल किया जा रहा है। वहीं, गजेंद्र यादव आरएसएस कोटे से जगह पाएंगे। उनके पिता बिसराराम यादव छत्तीसगढ़ में प्रांत संघचालक रहे हैं।

जातीय संतुलन साधने की कोशिश

गजेंद्र यादव को शामिल करने से मंत्रिमंडल में ओबीसी मंत्रियों की संख्या बढ़कर सात हो जाएगी। पहले से ही अरुण साव, ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा इस वर्ग से मंत्री हैं। वहीं, सतनामी समाज को संतुष्ट करने के लिए गुरु खुशवंत साहेब को मंत्री बनाया जाएगा। अभी अनुसूचित जाति वर्ग से केवल दयालदास बघेल मंत्रिमंडल में हैं।

विभागों का नया बंटवारा संभव

तीन नए मंत्रियों की नियुक्ति के बाद साय मंत्रिमंडल में कुल 13 मंत्री हो जाएंगे। लंबे समय से खाली दो पदों को भरने के साथ ही हरियाणा फार्मूले के तहत एक अतिरिक्त मंत्री जोड़ा जा रहा है। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों का पुनर्वितरण भी तय माना जा रहा है। मुख्यमंत्री अपने कुछ विभाग नए मंत्रियों को सौंप सकते हैं और मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल की संभावना है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!