Chhattisgarh

महिला कबड्डी वर्ल्ड कप स्टार संजू देवी ने की CM विष्णुदेव साय से मुलाकात

रायपुर : महिला कबड्डी विश्व कप संजू देवी ने अपनी शानदार सफलता के बाद छत्तीसगढ़ का मान एक बार फिर बढ़ाया है। हाल ही में महिला कबड्डी विश्व कप की स्टार खिलाड़ी और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुनी गई संजू देवी ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि संजू देवी ने प्रदेश ही नहीं, देश का नाम भी गौरवान्वित किया है।

Related Articles

सीएम साय ने कहा कि संजू जैसी बेटियाँ महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल हैं और उनका सफर आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। उन्होंने इस उपलब्धि को खेल जगत में छत्तीसगढ़ की बढ़ती संभावनाओं का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि संजू की सफलता से प्रदेश की बेटियों में खेल के प्रति उत्साह और बढ़ेगा।

मुलाकात के दौरान संजू देवी ने अपनी जीवन यात्रा, चुनौतियों और खेल अनुभवों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया। यह भी उल्लेखनीय है कि संजू देवी छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम केराकछार की निवासी हैं और बेहद साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 17 से 24 नवंबर तक आयोजित हुए इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को वर्ल्ड कप खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस मौके पर छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोषाध्यक्ष सेवा राम साहू, पूर्व कोच अनुज प्रताप सिंह और वर्तमान कोच दिल कुमार राठौर भी उपस्थित थे।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!