Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: बस्तर से रायपुर तक बारिश के आसार, किसानों को बरतनी होगी सावधानी

रायपुर। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में छत्तीसगढ़ का मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 24 अक्टूबर से अगले पांच दिनों तक प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर और कांकेर जिलों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

Related Articles

26 अक्टूबर से बढ़ेगी बारिश की तीव्रता
मौसम विभाग ने बताया है कि 26 अक्टूबर से पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होगी। इस दौरान रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण यह सिस्टम सक्रिय रहेगा।

किसानों को बरतनी होगी सावधानी
इस बारिश का असर प्रदेश की खेतों में खड़ी फसलों पर पड़ सकता है। जिन इलाकों में धान की कटाई पूरी हो चुकी है, लेकिन फसल अभी खेतों में ही रखी हुई है, वहां अनाज खराब होने का खतरा बना हुआ है। इसलिए किसानों को फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद रात के तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!