Chhattisgarh

रायगढ़ में संगठित गिरोह का भंडाफोड़…मोबाइल चोरी से लेकर बैंक डकैती की साजिश नाकाम

रायगढ़ : पुलिस ने एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को दबोच लिया है, जिनमें 5 युवक और 1 नाबालिग शामिल है। इस कार्रवाई के साथ ही मोबाइल दुकान में हुई चोरी और दो बैंकों में डकैती की साजिश का भी पर्दाफाश हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 चार पहिया वाहन, 60 मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित करीब 26 लाख 47 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

सरगना ने बनाई थी पूरी योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का संचालन मोहम्मद अरसलान कर रहा था, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर घरघोड़ा, धरमजयगढ़ और जूटमिल इलाके में वारदात को अंजाम देने की योजना तैयार की थी।

फरवरी और मार्च 2026 के दौरान आरोपियों ने कुडुमकेला स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। इसके अलावा धरमजयगढ़ ग्रामीण बैंक और जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में नकबजनी की कोशिश भी की गई। हालांकि पुलिस की सक्रियता के चलते बैंक लूट की बड़ी घटना होने से पहले ही गिरोह को पकड़ लिया गया।

CCTV और मुखबिर की मदद से खुला राज

पूरे मामले का खुलासा CCTV फुटेज और मुखबिर से मिली सटीक जानकारी के आधार पर हुआ। आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी कर टारगेट तय किया और वारदात के बाद सबूत मिटाने तक की योजना बनाई थी।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अरसलान (19), करण महंत (30), अल्तमस खान (19), जॉनसन बेक (19), कवलेश यादव (19) और एक नाबालिग शामिल हैं।

पुलिस का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कार्रवाई को लेकर कहा कि घरघोड़ा पुलिस टीम ने बेहद पेशेवर तरीके से इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारिक संस्थानों और बैंकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जब्त सामग्री का विवरण

पुलिस ने आरोपियों के पास से

  • मारुति सियाज कार
  • महिंद्रा XUV 500
  • 60 मोबाइल फोन
  • एक एयरबड्स

सहित कुल 26 लाख 47 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।

अलग अलग थानों में दर्ज हुए केस

आरोपियों के खिलाफ घरघोड़ा, धरमजयगढ़ और जूटमिल थाना क्षेत्रों में अलग अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!