पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- थाना गौरेला के चौकी खोडरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केंवची में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को प्रार्थी नरेश बैगा निवासी केंवची ने चौकी खोडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी मां बिरसिया बाई और पिता नन्दलाल बैगा के बीच घर से बिना बताए चले जाने की बात को लेकर अक्सर विवाद होता था।
बताया गया कि 13 अगस्त की रात लगभग 2:30 से 3:00 बजे के बीच आरोपी नन्दलाल बैगा ने अपने पुत्र नरेश बैगा और उसके मित्र को जगाकर बताया कि उसने अपनी पत्नी बिरसिया बाई के सिर, चेहरे, सीने, हाथ और पैर पर डंडे से मारपीट की है तथा वह कोई हरकत नहीं कर रही है। सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे, जहां बिरसिया बाई मृत अवस्था में मिलीं।प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी खोडरी थाना गौरेला में अपराध क्रमांक 343/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
चौकी प्रभारी द्वारा घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिस पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने विशेष टीम गठित कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।विवेचना के दौरान पुलिस टीम एवं एफएसएल अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। मौके से विभिन्न सामग्री जब्त की गई तथा घटनास्थल का नजरी नक्शा तैयार किया गया। साथ ही गवाहों के बयान दर्ज कर मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
जांच के दौरान आरोपी नन्दलाल बैगा (49 वर्ष), निवासी उंराव पारा, केंवची को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा तथा खून से सना कपड़ा बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

