बैंक सुधारें कार्यप्रणाली: ऋण प्रकरणों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, बैंकों को दी कार्रवाई की चेतावनी…
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े ऋण प्रकरणों के लंबित रहने पर कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में उन्होंने विभिन्न बैंकों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट चेतावनी दी कि पात्र हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले बैंकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत भेजे गए ऋण प्रकरणों की बैंकवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि बैंक केवल औपचारिकताओं तक सीमित न रहें, बल्कि पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।उन्होंने आजीविका मिशन, उद्यानिकी, ग्रामोद्योग, खाद्य, मत्स्य पालन, व्यापार एवं उद्योग तथा पशुधन विकास विभाग द्वारा भेजे गए ऋण प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इससे जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।
बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), आवास, शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़े प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसानों और जरूरतमंद हितग्राहियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के विकास में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और विभागों व बैंकर्स के बेहतर समन्वय से ही शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सभी बैंकर्स को निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए ऋण स्वीकृति और वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

