पेंड्रा में आज सजेगी सुरों की महफिल, लता मंगेशकर, किशोर कुमार और आशा भोसले को समर्पित होगा ‘स्वरांजलि’ कार्यक्रम..
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- भारतीय संगीत जगत के तीन महान सुरों के जादू को याद करने के लिए पेंड्रा में मंगलवार, 13 अक्टूबर को विशेष संगीतमय कार्यक्रम ‘स्वरांजलि’ का आयोजन किया जाएगा। भारत रत्न लता मंगेशकर, सदाबहार गायक किशोर कुमार और सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले को समर्पित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रतिभावान गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से संगीत प्रेमियों को सुरों की यादगार शाम का अनुभव कराएंगे।

कार्यक्रम का आयोजन शाम 6 बजे से प्रेस क्लब, हाईस्कूल मैदान के पास, पेंड्रा, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़) में होगा। कार्यक्रम में स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्रों के गायक कलाकार तीनों महान संगीत हस्तियों के लोकप्रिय और सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देंगे। इन गीतों के माध्यम से हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर की यादें ताजा होंगी और श्रोताओं को संगीत की मधुर दुनिया में खोने का अवसर मिलेगा।
नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की विरासत से जोड़ने की पहल’स्वरांजलि’ कार्यक्रम का उद्देश्य महान गायकों के अमूल्य संगीत योगदान को याद करने के साथ ही उनकी सुरमयी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। लता मंगेशकर की मधुर आवाज, किशोर कुमार की बेमिसाल गायकी और आशा भोसले की बहुमुखी संगीत प्रतिभा ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयां दी हैं। उनके सदाबहार गीत आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में खास जगह रखते हैं।
इस आयोजन को लेकर संगीत प्रेमियों और कला से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल रहने की उम्मीद है। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी गायन कला प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा। आयोजन समिति ने समस्त संगीत प्रेमियों, पत्रकार बंधुओं और कला प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संगीतमय शाम का आनंद लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


