पेंड्रा में विकास कार्यों को मिली रफ्तार: करीब 1.50 करोड़ के नए कार्य स्वीकृत, अध्यक्ष राकेश जालान ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव का जताया आभार..

गौरेला पेंड्रा मरवाही:- नगर पालिका परिषद पेंड्रा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार नई स्वीकृतियां मिल रही हैं। 15वें वित्त आयोग के तहत करीब 1 करोड़ रुपये के चार महत्वपूर्ण कार्यों की स्वीकृति के बाद अब अधोसंरचना मद में 48.70 लाख रुपये के चार अन्य विकास कार्यों को भी अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई है। इस तरह दोनों स्वीकृतियों को मिलाकर कुल 148.88 लाख रुपये यानी करीब 1.49 करोड़ रुपये के विकास कार्य पेंड्रा नगर में कराए जाएंगे।

15वें वित्त आयोग से 1 करोड़ के चार कार्य
15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 12 में स्विमिंग पुल रोड में फुटपाथ निर्माण के लिए 10.67 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 12 में दुर्गा मंदिर से को-ऑपरेटिव बैंक तक फुटपाथ निर्माण के लिए 25.60 लाख रुपये, शुभलाभ से दुर्गा मंदिर तक फुटपाथ निर्माण के लिए 22.19 लाख रुपये तथा तेंदुपारा वार्ड क्रमांक 02 में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 41.72 लाख रुपये शामिल हैं। इन चारों कार्यों के लिए कुल 100.18 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

अब 48.70 लाख के चार और कार्यों को मंजूरी
नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार अधोसंरचना मद में शेष राशि से पेंड्रा नगर पालिका क्षेत्र के चार और विकास कार्यों के लिए 48.70 लाख रुपये की अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई है।
इनमें वार्ड क्रमांक 07 बजरंग चौक में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20.06 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 03 में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 12.33 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 12 में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 12.33 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 09 में मनीष श्रीवास के घर के पास बरगद के पेड़ से राजीव श्रीवास के घर तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 3.98 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
नगर विकास के साथ नागरिक सुविधाओं पर जोर
इन स्वीकृतियों से पेंड्रा नगर के विभिन्न वार्डों में फुटपाथ, सामुदायिक भवन, पेयजल व्यवस्था और नाली निर्माण जैसे बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इससे एक ओर नागरिक सुविधाओं में विस्तार होगा, वहीं दूसरी ओर विभिन्न वार्डों में अधोसंरचना को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
नपाध्यक्ष राकेश जालान ने जताया आभार
नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत किए जाने पर छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। राकेश जालान ने कहा कि पेंड्रा नगर के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन स्वीकृतियों से नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता होगी।
उन्होंने कहा कि पेंड्रा नगर के विकास के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव का सहयोग एवं मार्गदर्शन सदैव अपेक्षित है।उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद पेंड्रा नागरिक सुविधाओं के विस्तार और नगर के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत है तथा आवश्यकता के अनुरूप आगे भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा
