National

बाराती बस बाइक सवारों को रौंदते हुए मकान में घुसी, 2 की मौत, पांच घायल

मध्यप्रदेश। विदिशा जिले के ग्यारसपुर थाना क्षेत्र के चक पाटनी गांव के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां बारातियों से भरी एक बस ने दो बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद बस सड़क किनारे एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और बस में सवार पांच बाराती बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रेस्‍क्‍यू किया।

जानकारी के मुताबिक भोपाल-बैतूल मार्ग पर चलने वाली ये बस बारात लेकर नर्मदापुरम जिले के डोलरिया गांव से बीना शादी में जा रही थी। बीना से वापस आते समय ये हादसा हुआ। घटना सुबह 10 बजे के आसपास की बताई गई है। यहां ग्यारसपुर के नादौर गांव के दो मजदूर बाइक पर काम के लिए निकलते थे, तभी नेशनल हाईवे पर बाइक सवार सड़क क्रास कर रहे थे। उनके अचानक सामने आने से बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस बाइक सवारों को टक्कर मारती हुई पास में ही एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार दोनों की मौत हो गई।

घटना में बस चालक सहित 5 बाराती घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया है। बस में करीब 55 बाराती थे। दूल्हा-दुल्हन एक अलग वाहन से आ रहे थे। बस के शेष सभी बारातियों को स्थानीय प्रशासन ने अलग वाहन से उनके गांव भेजने का इंतजाम किया है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!