National

ओडिशा हादसे के 51 घंटे बाद ट्रैक से गुजरी पहली ट्रेन, हाथ जोड़ प्रार्थना करते नजर आए रेल मंत्री

ओडिशा के बालासोर में दुर्घटना प्रभावित खंड से भीषण हादसे के 51 घंटे बाद रविवार रात करीब 10 बजकर 40 मिनट पर पहली ट्रेन रवाना हुई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मालगाड़ी को रवाना किया। इस दौरान कई मीडियाकर्मी और रेलवे अधिकारी भी वहां मौजूद रहे।

मालगाड़ी विशाखपटनम बंदरगाह से राउरकेला इस्पात संयंत्र रवाना हुई और उसी पटरी पर चली जहां 2 जून को हादसा हुआ था।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया, “क्षतिग्रस्त डाउन लाइन पूरी तरह ठीक हो गई है। खंड से पहली ट्रेन रवाना हुई।” इसके कुछ देर बाद उन्होंने ट्वीट करके बताया कि अप-लाइन पर भी ट्रेन आवाजाही शुरू हो गई है।

एक वीडियो में बाहानगा रेलवे स्टेशन से होते हुए जैसे ही ट्रेन गुजरती है, रेल मंत्री हाथ हिलाकर अभिवादन करते हैं। इसके बाद वह हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हुए नजर आते हैं।

रेल मंत्री ने अपने हैंडल से भी वीडियो शेयर किए हैं। एक वीडियो वह ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते हुए और लोगों को धन्यवाद देते हुए नजर आ रहे हैं।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!