Bhilai-DurgChhattisgarh

निगम कर्मियों की पिटाई: बीजेपी की वॉल पेंटिंग मिटा रहे कर्मचारी के साथ गाली-गलौच और मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में चुनाव के लिए आचार संहिता लागू कर दिया गया है। जिसके बाद अब सभी जिलों में निगम अमला चुनावी बैनर-पोस्टर और स्लोगन हटाने का काम कर रहा है। इस दौरान निगम कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ताजा मामला दुर्ग जिले से सामने आया है। जहां जब कर्मचारियों की टीम बीजेपी की वॉल पेंटिंग हटा रही थी, तो भाजपा समर्थकों ने उनकी पिटाई कर दी। घटना से नाराज निगम कर्मियों ने भिलाई नगर थाने में केस दर्ज कराया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

Related Articles

जोन कमिश्नर के आदेश पर मंगलवार शाम को सेक्टर 7 ओवर ब्रिज के नीचे चुनाव प्रचार की वॉल पेंटिंग को मिटाया जा रहा था। तभी दो लोग नशे में आए और उनसे बहस करने लगे। आरोपी शंकर और उसके साथी ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर उन्होंने लड़कों को बुला लिया। लड़के बेस बल्ला, हॉकी स्टिक, लाठी और चाकू लेकर पहुंच गए। निगम कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की।

निगम कर्मचारियों ने लगाई सुरक्षा की गुहार

जोन-5 के सहायक राजस्व निरीक्षक शशांक शेखर सिंह ने सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि वो लोग निष्पक्ष रूप से सभी पार्टी का पोस्टर बैनर और वॉल पेंटिंग को उतार रहे हैं। इस दौरान अलग-अलग पार्टी के लोग उनसे झगड़ा कर मारपीट कर रहे हैं। इस तरह वो असुरक्षा के बीच शासकीय कार्य कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वो डर के साये में काम करने को मजबूर हैं। उन्हें सुरक्षा चाहिए।

महापौर ने गुंडागर्दी न करने की दी चेतावनी

भिलाई महापौर नीरज पाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि आचार संहिता के दौरान सभी राजनीतिक प्रचार के होर्डिंग, बैनर, पोस्टर निकाले जा रहे हैं। स्लोगन भी मिटाए जा रहे हैं। निगम कर्मचारी ओवर ब्रिज के पास शासकीय कार्य कर रहे थे। उनके साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने मारपीट की। यह सीधे सीधे शासकीय कार्य में बाधा है। इस तरह की गुंडागर्दी भिलाई में नहीं चलेगी।

दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग सिटी एएसपी संजय ध्रुव ने बताया कि निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का मामला आया है। वो लोग शासकीय कार्य कर रहे थे। आरोपी पी शंकर राव (35 वर्ष) निवासी सेक्टर और डेनियल राव (35 साल) निवासी सेक्टर-6 को गिरफ्तार किया गया है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!