Political

गिरफ्तारी के बाद संजय राउत पर एकनाथ शिंदे का कटाक्ष, बोले- रोज बजने वाला भोंपू हो गया शांत

मुंबई । उद्धव ठाकरे के समर्थक और शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत की ईडी द्वारा गिरफ्तारी पर सीएम एकनाथ शिंदे ने कटाक्ष किया है। महाराष्ट्र के सीएम ने सोमवार सुबह उन्हें भोंपू करार देते हुए कहा कि अब वह बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि रोज सुबह 8 बजे बजने वाला भोंपू बंद हो गया। इससे पहले रविवार को भी एकनाथ शिंदे ने संजय राउत को लेकर कहा था कि यदि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है तो फिर डरना नहीं चाहिए। यही नहीं उनका कहना था कि जो जैसा करेगा, वैसा भरेगा। इस बीच गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी का कहना है कि संजय राउत के खिलाफ लंबे समय से जांच चल रही थी और अब कुछ सबूत मिलने पर ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया होगा।
उनसे पहले भी कई बार पूछताछ हो चुकी है। अजय मिश्रा टेनी ने कहा, ‘संजय राउत से कई बार पूछताछ की गई थी। यह मामला आज का नहीं है, लंबे समय से चल रहा था और कुछ सबूत मिलने के बाद ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया होगा। एजेंसियां बिना सबूत के इस तरह की कार्रवाई नहीं करती हैं।’ इस बीच संजय राउत की गिरफ्तारी के मुद्दे पर संसद में भी हंगामा बरपा है। राज्यसभा से लोकसभा तक में आज सुबह से ही जमकर हंगामा हुआ। इसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित हो गई, जिसके बाद शिवसेना के सांसद सदन के बाहर आकर हंगामा करने लगे।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि ईडी भाजपा की स्क्रिप्ट पर काम कर रही है। 2014 के बाद से ही इसका इस्तेमाल विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह ईडी नहीं है बल्कि भाजपा की एजेंसी है, जो इस तरह टारगेट कर रही है। इस बीच कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और एनसीपी की ओर से भी संजय राउत के समर्थन का ऐलान किया गया है। इस तरह महाराष्ट्र में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ महाविकास अघाड़ी में एकता देखने को मिली है। शिवसेना के साथ सरकार चला चुके कांग्रेस और एनसीपी ने खुलकर संजय राउत की गिरफ्तारी का विरोध किया है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!